Saturday, October 10, 2026 10:13:42 PM

कानपुर में दुकानदार का सिर कटा शव मिला
कानपुर में साइकिल सवार दुकानदार की गर्दन कटी मिली, 15 फीट दूर खाई से मिला सिर

कानपुर के बिल्हौर में 45 वर्षीय दुकानदार राजकिशोर का गर्दन कटा शव सड़क किनारे मिला, जबकि सिर करीब 15 फीट दूर खाई से बरामद हुआ। पुलिस हत्या और हादसा दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।

कानपुर में साइकिल सवार दुकानदार की गर्दन कटी मिली 15 फीट दूर खाई से मिला सिर
कानपुर में दुकानदार का सिर कटा शव मिला |

कानपुर। बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के खुर्द खोजनपुर गांव के पास मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बिल्हौर-मकनपुर मार्ग पर साइकिल से जा रहे 45 वर्षीय कॉस्मेटिक दुकानदार राजकिशोर उर्फ राजू पटवा का गर्दन कटा शव सड़क किनारे मिला। उनका सिर धड़ से करीब 15 फीट दूर पानी से भरी खाई में झाड़ियों के बीच मिला।

घटना मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

साइकिल से पैतृक गांव जा रहे थे राजकिशोर

मूल रूप से देवहा गांव के रहने वाले राजकिशोर करीब 20 साल पहले बच्चों की पढ़ाई के लिए बिल्हौर के वैष्णवनगर में रहने लगे थे। छोटी बाजार में वह कॉस्मेटिक की दुकान चलाते थे।

पत्नी मधु के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे राजकिशोर साइकिल से अपने पैतृक गांव देवहा के लिए निकले थे। उन्हें वहां सौंदर्य से जुड़ा सामान बेचना था। वैष्णवनगर से देवहा की दूरी करीब छह किलोमीटर है।

करीब 8:40 बजे परिवार को घटना की जानकारी मिली। मौके पर राजकिशोर की साइकिल, थैला और गमछा भी पड़ा मिला।

प्रत्यक्षदर्शी का दावा- कुछ मिनट तक तड़पता रहा शरीर

देवहा गांव निवासी सोनू के मुताबिक, वह स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे राजकिशोर का गर्दन कटा शरीर देखा। उसका दावा है कि शरीर करीब चार-पांच मिनट तक तड़पने के बाद शांत हो गया।

करीब दो घंटे की तलाश के बाद पुलिस को राजकिशोर का सिर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में झाड़ियों के बीच मिला।

CCTV में 8:12 बजे साइकिल से जाते दिखे

पुलिस ने घटनास्थल से करीब 800 मीटर पहले और 900 मीटर आगे पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में राजकिशोर सुबह 8:12 बजे चौखंडी गांव के सामने स्थित पेट्रोल पंप से गुजरते दिखाई दिए। घटना करीब 8:20 बजे की बताई जा रही है।

फुटेज में उनके पीछे कुछ बाइक सवार और साइकिल से जाते छात्र भी दिखाई दिए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सड़क पर मिले पहिए घिसने के निशान

एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा के मुताबिक, घटनास्थल के पास सड़क पर पहिए घिसने के निशान मिले हैं। इससे किसी भारी वाहन के अचानक ब्रेक लगाने की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना से कुछ समय पहले इसी रास्ते से एक रोटावेटर गुजरा था। आसपास के रोटावेटर मालिकों से पूछताछ की जा रही है।

शरीर पर दूसरे गंभीर चोट के निशान नहीं

जांच में राजकिशोर की साइकिल सुरक्षित मिली है। शर्ट के कॉलर को छोड़कर उनके कपड़े भी काफी हद तक सुरक्षित बताए गए हैं। हाथ-पैर, चेहरे और शरीर पर अन्य गंभीर चोट के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है।

फॉरेंसिक जांच के आधार पर गर्दन पर पीछे की तरफ से तेज वार होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

परिजनों ने रंजिश से किया इनकार

राजकिशोर की बेटी का कहना है कि उनके पिता सीधे और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी बताया कि वह करीब 20 वर्षों से इलाके में दुकान चला रहे थे और उनके किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी।

राजकिशोर पत्नी और तीन बेटियों नैंसी (22), शुभी (19) और अंशी (10) के साथ रहते थे। दुकान और गांव-गांव जाकर सामान बेचने से परिवार का खर्च चलता था।

पुलिस की कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि राजकिशोर की हत्या की गई या उनकी मौत किसी हादसे में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट होगी।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें