हैदराबाद में 6.78 करोड़ की नकली करेंसी बरामद |
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी छापने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। फ्यूचर सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 500 रुपये के कुल 6.78 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नकली करेंसी छापने में इस्तेमाल होने वाले प्रिंटर, लैपटॉप, करेंसी कटिंग मशीन समेत कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी के मुताबिक, रविवार को अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (SOT) ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार को रोककर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदुपोजू कर्नाकर, चिननोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है।
किराये के मकान में चल रही थी नकली नोटों की फैक्ट्री
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शहर के बाहरी इलाके कुंटलूर में एक किराये के मकान में नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। यहां बाकायदा प्रिंटिंग यूनिट बनाई गई थी, जहां 500 रुपये के जाली नोट तैयार किए जाते थे। पुलिस ने मौके से नोट छापने और उनकी कटिंग करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को डराते थे आरोपी
जांच में गिरोह का एक और कथित तरीका सामने आया है। आरोपियों पर फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और नकली पिस्टल का इस्तेमाल कर खुद को पुलिसकर्मी बताने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वे पुलिसकर्मी बनकर लोगों को डराते-धमकाते और उनके साथ ठगी करते थे।
जाली नोटों के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट छापने के लिए मशीनें और अन्य उपकरण कहां से लाए गए थे। इसके साथ ही जाली करेंसी को बाजार में खपाने के नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।