Saturday, July 18, 2026 02:05:38 AM

दारोगा पर गंभीर आरोप
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, दारोगा निलंबित

पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया। एसएसपी ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर जांच के आदेश दिए।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप दारोगा निलंबित
दारोगा पर गंभीर आरोप |

पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बारादरी थाने पहुंची एक महिला ने वहां तैनात दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने और धोखा देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 से उसका अपने पति से विवाद चल रहा है, जिसके कारण वह अलग रह रही है। आरोप है कि वर्ष 2025 में वह अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने बारादरी थाने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दारोगा नरेश बाबू से हुई।

महिला का आरोप है कि दारोगा ने मुकदमा दर्ज कराने में मदद का भरोसा दिलाया और बातचीत के दौरान उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। महिला का आरोप है कि दारोगा ने पुलिस में नौकरी दिलाने का भी भरोसा दिया और कहा कि अधिकारियों से उसके अच्छे संबंध हैं।

आरोप है कि इसके बाद दारोगा महिला के घर आने-जाने लगा। वह अपनी पत्नी से तलाक लेने की बात कहता था और शादी का वादा करता था। महिला का कहना है कि इसी भरोसे पर दारोगा ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। करवाचौथ के बाद वह लगातार महिला के घर पर रहने लगा।

महिला ने आरोप लगाया कि फरवरी में अपने बेटे की शादी के दौरान दारोगा उसके जेवर बिना बताए ले गया और बाद में पैसे लौटाने का वादा किया। इसी बीच महिला गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर दारोगा ने 12 मई को मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उसका गर्भपात करा दिया।

महिला का यह भी आरोप है कि भरोसा बनाए रखने के लिए दारोगा ने अलग-अलग समय पर करीब पांच लाख रुपये भी दिए। बाद में उसका तबादला सिरौली थाने हो गया। आरोप है कि इसके बाद दारोगा अपनी पत्नी और बेटों के साथ महिला के घर पहुंचा, जहां उसके साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, बाद में दारोगा फिर उसके साथ रहने लगा और सिरौली थाने में ड्यूटी करने आता-जाता रहा। 5 जुलाई को अखा गांव के पास उसका सड़क हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर महिला अस्पताल पहुंची और उसके इलाज का खर्च भी उठाया। कुछ देर बाद दारोगा की पत्नी और बेटे भी अस्पताल पहुंचे। महिला का आरोप है कि वहां उसके साथ अभद्रता की गई और दारोगा को अपने साथ ले गए।

इसके बाद महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि दारोगा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद दारोगा नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें