दिल्ली नाइट क्लब दलजीत हत्या |
दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में बीयर गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। आरोप है कि क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी, बाउंसर और अन्य स्टाफ ने मिलकर 29 वर्षीय कैब ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल दलजीत की घर पहुंचने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन बाउंसरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
बीयर गिरने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, दलजीत अपने परिवार के साथ रघुबीर नगर इलाके में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी पूजा और आठ साल का बेटा है। वह कैब चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
10 अक्टूबर की देर रात दलजीत अपने छह-सात दोस्तों के साथ सराय रोहिल्ला स्थित टोर हाउस नाइट क्लब पहुंचे थे। उसी रात क्लब मैनेजर गौरव अपनी पत्नी हर्षिता और दोस्तों के साथ वहां जन्मदिन की पार्टी कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डांस करने के दौरान दलजीत या उनके दोस्तों के गिलास से बीयर छलककर हर्षिता पर गिर गई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसके बाद क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी, बाउंसर और अन्य स्टाफ ने दलजीत और उनके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में लाठी-डंडों, शराब की बोतलों और लात-घूंसों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
दोस्तों के सामने बेरहमी से पिटाई का आरोप
दलजीत के दोस्त नीशू के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनके कुछ साथी वहां से भागने में सफल रहे, लेकिन दलजीत, नीशू और टीनू को बाउंसरों ने पकड़ लिया। नीशू ने आरोप लगाया कि उन्हें ऊपर ले जाकर पीटा गया और उनके सिर पर पिस्टल भी लगाई गई।
नीशू का दावा है कि जब दलजीत बेहोश होने लगते थे, तब आरोपी उन्हें पानी पिलाकर होश में लाते और फिर मारपीट करने लगते थे। उन्होंने बताया कि वे लोग माफी मांगते रहे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें नहीं छोड़ा।
घर पहुंचने के बाद दलजीत की मौत
मारपीट में गंभीर रूप से घायल दलजीत किसी तरह अपने घर पहुंचे। उनकी पत्नी पूजा के मुताबिक, दलजीत सुबह करीब छह बजे बुरी तरह घायल हालत में घर आए थे। वह उन्हें कमरे में ले गईं, कपड़े बदलवाए और सुला दिया। बाद में जब दलजीत नहीं उठे, तो वह उन्हें गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दलजीत के दोस्त सनी ने बताया कि उन्हें दलजीत की पत्नी का फोन आया था, लेकिन जब तक वह पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पत्नी बोलीं—हमें इंसाफ चाहिए
दलजीत की पत्नी पूजा ने बताया कि उनके पति ने रात करीब दो बजे दोस्तों के साथ क्लब जाने की बात कही थी और सुबह चार बजे तक लौटने का कहा था। जब वह तय समय तक घर नहीं आए, तो पूजा ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
पूजा ने रोते हुए बताया कि उनका आठ साल का बेटा बार-बार उनसे पूछ रहा है कि वह अपने पिता को वापस कब लेकर आएंगी। परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। दलजीत के बड़े भाई पवन ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मैनेजर की पत्नी के जन्मदिन की पार्टी में हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 10 अक्टूबर को क्लब मैनेजर गौरव की पत्नी हर्षिता का जन्मदिन था। गौरव, हर्षिता और उनके दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान दलजीत और उनके दोस्त डांस कर रहे थे। डांस के दौरान गिलास से बीयर छलककर हर्षिता पर गिर गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।
मैनेजर और पत्नी समेत पांच गिरफ्तार
उत्तर जिले की डीसीपी निहारिका भट्ट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें क्लब मैनेजर गौरव, उसकी पत्नी हर्षिता और तीन बाउंसर शामिल हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने टोर हाउस नाइट क्लब को सील कर दिया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित चौकी प्रभारी को भी लाइन हाजिर किया गया है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।