सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। दादरी तहसील प्रशासन ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 स्थित बीएस बिल्डटेक के कार्यालय को सील कर दिया है। यह कदम यूपी रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) की 1.92 करोड़ रुपये की रजिस्ट्रेशन शुल्क (आरसी) की बकाया राशि अदा न करने पर उठाया गया। नोटिस मिलने के बावजूद बिल्डर ने भुगतान नहीं किया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कार्यालय को सील कर दिया।
कई बार दिए गए नोटिस
एसडीएम दादरी अनुज नेहरा ने बताया कि बिल्डर को बकाया राशि चुकाने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए थे। बिल्डर को पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन जब भुगतान नहीं हुआ तो पहले मुनादी कराई गई और उसके बाद टीम ने दफ्तर सील कर दिया। अब बीएस बिल्डटेक की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
रुद्रा बिल्डवेल ने मौके पर किया भुगतान
इसी तरह रुद्रा बिल्डवेल इंफ्रा और इंटलेक्ट प्रोजेक्ट्स पर भी 1.44 करोड़ रुपये का बकाया था। तहसील प्रशासन जब उसके दफ्तर को सील करने पहुंचा तो बिल्डर ने मौके पर ही पूरी राशि जमा कर दी। इससे उसकी संपत्ति को सील होने से बचा लिया गया।
निवेशकों के हित में सख्ती
यूपी रेरा लंबे समय से बिल्डरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि निवेशकों की शिकायतें और आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में जो भी बिल्डर बकाया राशि समय पर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्यालय सील करने से लेकर संपत्ति कुर्क करने तक की कार्रवाई की जाएगी।