Monday, March 16, 2026 11:25:55 AM

भारतीय कोस्टगार्ड अधिकारी ठगी
यूट्यूब वीडियो के झांसे में आए कोस्टगार्ड अधिकारी से 85 लाख की साइबर ठगी

शेयर बाजार में निवेश करने के चक्कर में भारतीय कोस्टगार्ड अधिकारी को 85 लाख रुपये की ठगी का सामना करना पड़ा। साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज।

यूट्यूब वीडियो के झांसे में आए कोस्टगार्ड अधिकारी से 85 लाख की साइबर ठगी
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। शेयर बाजार से मोटा मुनाफा कमाने का सपना एक भारतीय कोस्टगार्ड अधिकारी को महंगा पड़ गया। सेक्टर-52 निवासी अधिकारी को साइबर ठगों ने यूट्यूब वीडियो और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए अपने जाल में फंसाया और 85 लाख रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अधिकारी कल्पित दीक्षित पहले से शेयर बाजार में निवेश करते रहे हैं। 29 जून को उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा, जिसमें कैपिटल मैनेजमेंट के नाम से निवेश पर बड़े मुनाफे का दावा किया गया था। वीडियो देखने के कुछ समय बाद ही उन्हें दो अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप्स में जोड़ा गया। इन ग्रुप्स में मौजूद लोगों ने खुद को वित्तीय विशेषज्ञ बताते हुए कुछ शेयर और डीमैट स्टॉक्स सुझाए। पीड़ित से एक मोबाइल एप पर रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।

 

पहले कमाए छोटे मुनाफे

ठगों ने शुरुआत में छोटे-छोटे निवेश कराकर कल्पित को मुनाफा दिलाया। इससे उनका भरोसा बढ़ा और उन्होंने बड़े निवेश करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उन्हें 26 अगस्त तक 85 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

 

पोर्टफोलियो में दिखाया 5.5 करोड़ का बैलेंस

जब पीड़ित ने एप पर अपना पोर्टफोलियो देखा तो उसमें 5.5 करोड़ रुपये दिखाई दिए। उन्होंने एक करोड़ रुपये निकालने की कोशिश की तो ठगों ने कहा कि पूरी राशि निकालने पर ही भुगतान होगा। जब उन्होंने पूरी रकम निकालने का प्रयास किया तो उनसे 15 प्रतिशत टैक्स (करीब 70 लाख रुपये) जमा करने को कहा गया।

 

संपर्क टूटते ही खुला राज़

कल्पित ने अतिरिक्त रकम जमा करने से इनकार किया तो ठगों ने उनसे सभी तरह का संपर्क तोड़ दिया। तब उन्हें अहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं। उन्होंने तुरंत सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। एडीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और ठगों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें