बेंगलुरु में किराए के विवाद में वकील की हत्या |
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से हत्या की एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां 42 साल के एक वकील की उसके ही दो किराएदारों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना से करीब एक घंटे पहले किराए के भुगतान को लेकर वकील और दोनों आरोपियों के बीच तीखी बहस हुई थी।
मृतक की पहचान मंजूनाथ के रूप में हुई है। वह पट्टंदुर अग्रहारा इलाके में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार आधी रात के आसपास वकील के घर पर हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि किराया देने को लेकर वकील और उनके दोनों किराएदारों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के करीब एक घंटे बाद गोलीबारी की घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, वकील के सिर में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस मामले में व्हाइटफील्ड पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।