बर्रा में पत्नी की हत्या के बाद पति ने दी जान |
बर्रा-7 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। दोनों पांच दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सचेंडी थाना क्षेत्र के कला का पुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय सौरभ सविता उर्फ टोनी और 18 वर्षीय रानी उर्फ शालिनी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे और पिछले तीन वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध था।
परिजनों के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले दोनों ने परिवार की इच्छा के खिलाफ घर से भागकर कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वे दिल्ली में रह रहे थे। पांच दिन पहले ही वे कानपुर लौटे और बर्रा-7 स्थित एसएस ब्लॉक में होजरी कारोबारी ज्ञान सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए से रहने लगे थे।
मंगलवार दोपहर मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाली नीलम छत पर कपड़े सुखाने जा रही थीं। तभी उनकी नजर कमरे के रोशनदान से अंदर पड़ी, जहां सौरभ का शव पंखे से लटका दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी।
इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर रानी का शव जमीन पर बिछी प्लास्टिक की चटाई पर पड़ा मिला। उसके गले पर दबाने के निशान थे। वहीं सौरभ का शव गैस सिलेंडर पर चढ़कर साड़ी के फंदे से पंखे के सहारे लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल मौके पर पहुंचे और जांच की।
डीसीपी दक्षिण ने बताया कि शुरुआती जांच में पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोरेंसिक जांच के दौरान कमरे में जमीन पर सिंदूर बिखरा मिला और उसकी डिब्बी भी पास में पड़ी थी। रानी की मांग में भी सिंदूर भरा हुआ था। जांच में सौरभ के दाहिने हाथ और पैर पर भी सिंदूर लगा मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या के बाद सौरभ ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और फिर खुद फांसी लगा ली।
रानी की मां पिंकी ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब एक बजे उनकी बेटी और दामाद से बात हुई थी। बातचीत के दौरान किसी तरह की परेशानी का एहसास नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट मैरिज के बाद भी सौरभ का परिवार रानी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहा था और उस पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना सौरभ के परिवार को दी गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
इस घटना के बाद किराएदारों के पुलिस सत्यापन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक किराएदारों की पूरी जानकारी नहीं दे सके। बाद में सौरभ की बाइक के नंबर के आधार पर उसके परिवार से संपर्क किया गया।
बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।