सुलतानपुर शिक्षक संघ को मिली नई कमान, संतोष सिंह अध्यक्ष तो राहुल तिवारी बने महामंत्री
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (सम्बद्ध अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ) की सुलतानपुर जिला शाखा को नई नेतृत्व टीम मिल गई है। संगठन ने शिक्षक हितों को मजबूत करने और संगठन के विस्तार के संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी की घोषणा की है।
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय ने सुलतानपुर जिला शाखा की नई कार्यकारिणी को विधिवत मान्यता प्रदान की। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी आदेश के अनुसार संतोष कुमार सिंह को जिलाध्यक्ष, राहुल तिवारी को जिला महामंत्री और वेद प्रताप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने सौंपा मान्यता पत्र
नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने एक निजी कार्यक्रम में मान्यता पत्र प्रदान किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को लेकर लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने नई टीम से संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
शिक्षक हितों के लिए काम करने का लिया संकल्प
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संतोष सिंह और जिला महामंत्री राहुल तिवारी ने प्रदेश उपाध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि वे संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि सुलतानपुर की धरती पर पूर्व में शिक्षकों को सम्मान दिलाने वाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे अनुभव, समर्पण और नेतृत्व के साथ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि डॉ. अजय सिंह, अमेठी के संयुक्त मंत्री अनिल कुमार यादव, मुसाफिरखाना ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, जगदीशपुर ब्लॉक अध्यक्ष अकील अहमद सहित कई शिक्षक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा कुड़वार के पूर्व अध्यक्ष केके सिंह, कूरेभार ब्लॉक से आवेश विक्रम सिंह, लंभुआ से जितेंद्र त्रिपाठी, भदैया से प्रमेंद्र विक्रम सिंह, दुबेपुर से बृजेश मौर्य, बल्दीराय से संदीप सिंह, अखिलेश वर्मा और अतरसेन यादव समेत कई शिक्षक शामिल हुए।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। संगठन ने शिक्षक हितों की आवाज को और मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया है।