महिला सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्ध नगर में हुंकार, राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम सौंपा ज्ञापन
देशभर में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ रहे छेड़छाड़, दुष्कर्म, हत्या, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने तथा पीड़िताओं को त्वरित न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महिला उन्नति संस्था ने सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में आवाज बुलंद की।
संस्था की जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत) के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी अरविंद कुमार को सौंपा।
'महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं'
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि घर से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक महिलाओं के साथ हो रही हिंसा की घटनाएं समाज में असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही हैं, जिससे महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।
देशभर में चलाया गया अभियान
संस्था के संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर संगठन की ओर से देशभर के विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम ज्ञापन सौंपने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गौतमबुद्ध नगर में भी यह ज्ञापन सौंपकर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
राष्ट्रीय महिला आयोग को भेजे गए ज्ञापन में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़िताओं को शीघ्र न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस दौरान रणवीर चौधरी, डॉ. वंदना सिंह, एडवोकेट अनिल भाटी, एडवोकेट सीमा भाटी, दीपा रानी, अजयपाल भाटी, माधुरी चौहान, पूजा अवाना, रेहाना अल्वी और जहीर खान सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।