15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे

टीम इंडिया की जर्सी पाकर भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी, बोले- यह पल शब्दों में बयां नहीं कर सकता

टीम इंडिया की जर्सी पाकर भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी

हर युवा क्रिकेटर का सपना होता है कि वह अपने देश का प्रतिनिधित्व करे। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का यह सपना अब पूरा हो गया है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है और वह टीम के साथ जुड़ भी चुके हैं। पहली बार टीम इंडिया का हिस्सा बनने पर वैभव काफी भावुक नजर आए।

कम उम्र में ही वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट, आईपीएल और इंडिया-ए के लिए खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।

पहली बार मिली टीम इंडिया की जर्सी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव को पहली बार टीम इंडिया की जर्सी मिलती हुई दिखाई गई है। वीडियो में होटल का एक कर्मचारी और टीम इंडिया का स्टाफ उनके कमरे तक पहुंचता है। कमरे से बाहर आने के बाद वैभव सबसे पहले टीम के स्टाफ सदस्य के पैर छूते हैं।

इसके बाद उन्हें एक बॉक्स दिया जाता है, जिसमें उनकी टीम इंडिया की जर्सी रखी होती है। वैभव जर्सी को देखते हैं और काफी भावुक हो जाते हैं। उनकी जर्सी पर नंबर 03 लिखा हुआ है। जर्सी को देखकर उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है।

बोले- मेरे पास शब्द नहीं हैं

वीडियो में वैभव ने कहा कि टीम इंडिया की जर्सी को हाथ में लेने के बाद उनकी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, "मेरे पास इसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। जिस सपने के लिए मैंने पहली बार बल्ला उठाया था और मैदान पर अभ्यास करने गया था, वह आज पूरा हो गया है। यह मेरे सफर का सबसे महत्वपूर्ण कदम है।"

उन्होंने आगे कहा, "जब मैंने जर्सी देखी तो ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया हो। मैं बहुत खुश था और लगातार मुस्कुरा रहा था।"

वैभव ने बताया कि कभी-कभी जीवन में कुछ ऐसी चीजें हो जाती हैं, जिनकी आप कल्पना भी नहीं करते और उस समय आप अपनी प्रतिक्रिया तक नहीं दे पाते। टीम इंडिया की जर्सी मिलने के बाद उनकी स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी।