ICC Women's T20 World Cup 2026 में भारत-पाकिस्तान

भारत-पाकिस्तान मुकाबले ने बनाया नया इतिहास, महिला टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में टूटा दर्शकों का रिकॉर्ड

भारत-पाक मैच में बना दर्शकों का नया रिकॉर्ड

ICC Women's T20 World Cup 2026 के ग्रुप चरण में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले ने मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह इतिहास रच दिया। क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में शुमार इस मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज का नया रिकॉर्ड बन गया।

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा से क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 7 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ दो मैचों में सफलता मिली है। इसके बावजूद इस प्रतिद्वंद्विता का रोमांच कम नहीं हुआ है।

बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए कुल 18,814 दर्शक पहुंचे। यह महिला टी20 विश्व कप के किसी भी ग्रुप या लीग चरण के मैच में अब तक की सबसे अधिक दर्शक उपस्थिति है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले के नाम ही दर्ज था। 6 अक्टूबर 2024 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 15,935 दर्शकों ने स्टेडियम में मौजूद रहकर मैच का आनंद लिया था।

एजबेस्टन में दर्ज हुई नई दर्शक संख्या ने दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले को लेकर दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह रहता है।

अगर मैच की बात करें तो मैदान पर भी भारतीय टीम पूरी तरह हावी नजर आई। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम महज 106 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 64 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।

महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की यह भारत के खिलाफ सातवीं हार रही। मुकाबले की सबसे बड़ी स्टार दीप्ति शर्मा रहीं। उन्होंने बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ एक रन आउट भी किया और गेंदबाजी में पांच विकेट झटककर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसी प्रदर्शन के साथ दीप्ति शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी भी बन गईं।

इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम का अगला मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।