NEET UG 2026 री-एग्जाम के दौरान बिहार के लखीसराय म

NEET UG 2026 री-एग्जाम में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

नीट यूजी 2026 री एग्जाम सॉल्वर गैंग भंडाफोड़

NEET UG 2026 का पेपर लीक होने के बाद 21 जून को आयोजित री-एग्जाम के दौरान बिहार के लखीसराय में एक बड़े सॉल्वर गैंग का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कई अभ्यर्थियों की जगह फर्जी उम्मीदवार परीक्षा दे रहे थे, जिनमें डॉक्टर और मेडिकल कॉलेजों के छात्र भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, बायोमीट्रिक सत्यापन के दौरान केंद्रीय विद्यालय से 7, केआरके हाई स्कूल से 1 और हसनपुर हाई स्कूल से 1 आरोपी को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि ये लोग दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करने वाली निजी एजेंसी के 7 कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पूरे नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका रही है।

पकड़े गए आरोपी बिहार के अलावा अन्य जिलों और राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों के MBBS छात्र भी शामिल हैं। जिला प्रशासन और पुलिस इस अंतर-जिला तथा अंतर-राज्यीय सॉल्वर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एसपी प्रेरणा कुमार की निगरानी में एसडीएम और एसडीपीओ की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस बायोमेट्रिक ऑपरेटरों और संदिग्ध बिचौलियों से भी पूछताछ कर रही है।

एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने का संदेह है। उन्होंने कहा कि संबंधित परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जा सकता है।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े 10 से 12 अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिनमें बायोमीट्रिक ऑपरेटर और बिचौलिए शामिल हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रारंभिक पूछताछ पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आ सकती है।

अधिकारियों का कहना है कि बिहार में NEET UG पुनर्परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित कराई गई थी, इसके बावजूद लखीसराय में सॉल्वर गैंग की गतिविधियां सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।