हरियाणा कैडर के 1993 बैच के IPS अधिकारी आलोक कुमार

आलोक कुमार मित्तल बने बीपीआरएंडडी के नए महानिदेशक, 30 जून 2029 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

बीपीआरएंडडी का नया महानिदेशक चुना

हरियाणा कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार मित्तल को पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

आलोक कुमार मित्तल वर्तमान में हरियाणा कैडर में कार्यरत हैं। उन्हें पदभार संभालने की तारीख से वेतन मैट्रिक्स के स्तर-16 में बीपीआरएंडडी के महानिदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका कार्यकाल 30 जून 2029 तक रहेगा, जो उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख है। हालांकि, यह कार्यकाल अगले आदेश तक या निर्धारित अवधि में से जो पहले हो, उसके अनुसार प्रभावी रहेगा।

पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो देश में पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण, अनुसंधान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और नई तकनीकों को बढ़ावा देने वाली प्रमुख केंद्रीय संस्था है। ऐसे में हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इसके साथ ही केंद्र सरकार ने दो अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की भी नियुक्ति की है। आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) का निदेशक बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडेय को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) का निदेशक नियुक्त किया गया है।

इन सभी नियुक्तियों को लेकर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।