सीएम योगी आदित्यनाथ नोएडा में 2,478 करोड़ रुपये की

नोएडा में विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी करेंगे 2,478 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश की नई विकास दिशा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह कुल 2,478 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का लोकार्पण और 1,434 करोड़ रुपये की 65 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए प्राधिकरण के सीईओ ने स्वयं तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री सेक्टर-96 स्थित करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्य प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा रैनीवेल संख्या-4, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सीवर लाइन बिछाने की दो परियोजनाओं और डीएससी रोड पर अगाहपुर पेट्रोल पंप से एनएसईजेड तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबे 608 करोड़ रुपये की लागत वाले एलिवेटेड रोड का भी औपचारिक लोकार्पण करेंगे। यह एलिवेटेड रोड नवंबर 2025 से ट्रायल के लिए खुला हुआ था।

65 नई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

सीएम योगी भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ निर्माण, सेक्टर-145 में सड़क और बुनियादी ढांचे का विकास, दलित प्रेरणा स्थल के अनुरक्षण, विभिन्न सड़कों के सुदृढ़ीकरण, नालों के सुधार, नॉइज बैरियर लगाने, बोटेनिकल गार्डन बस डिपो के नवीनीकरण समेत 65 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

यमुना सिटी से नोएडा तक रहेगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सबसे पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में दो औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से सेक्टर-96 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सेक्टर-96 में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बॉम्ब स्क्वॉड और भारी पुलिस बल ने पूरे परिसर की जांच की है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।