फर्जी एंबुलेंस बनाकर करता था गांजा तस्करी, 64 किलो गांजा समेत आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, फेस-1 कोतवाली पुलिस ने उड़ीसा से फर्जी एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है, और तस्करी में इस्तेमाल की गई फर्जी एंबुलेंस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एंबुलेंस का इस्तेमाल इसलिए करता था ताकि वह टोल प्लाजा और पुलिस जांच से आसानी से बच सके। एंबुलेंस होने के कारण उसे न टोल देना पड़ता था और न ही अधिकतर जगहों पर चेकिंग का सामना करना पड़ता था।
मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि उड़ीसा से एक एंबुलेंस के जरिए गांजा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने झुंडपुरा बॉर्डर के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एंबुलेंस को रोका गया, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आगरा के नागर गांव निवासी 48 वर्षीय ओमवीर सिंह पुत्र श्याम लाल के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उड़िया गांजे की दिल्ली-एनसीआर में काफी मांग है, इसलिए आरोपी इसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि बरामद एंबुलेंस किसी अस्पताल या आरटीओ में पंजीकृत नहीं थी। आरोपी ने इसे फर्जी तरीके से तैयार कराया था और इसी का इस्तेमाल तस्करी के लिए करता था।
पुलिस के मुताबिक, गांजा बेचकर मिलने वाले मुनाफे को आरोपी अपनी मौज-मस्ती पर खर्च करता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।