नोएडा में मंदिर में चोरी, ग्रिल फांदकर घुसे बदमाश; नागदेव, कलश और घंटा ले गए
नोएडा: नोएडा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला एक मंदिर से जुड़ा है, जहां देर रात बदमाश ग्रिल फांदकर मंदिर परिसर में घुस गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वे उसे खोलने में सफल नहीं हो सके तो उनकी नजर मंदिर में रखी अन्य धार्मिक वस्तुओं पर पड़ गई। इसके बाद बदमाश तांबे से बना नागदेव, कलश और मंदिर का घंटा अपने साथ ले गए।
घटना का पता सुबह मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और प्रबंधन को चला। सामान गायब मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मंदिर में चोरी की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।