ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में बदहाल सुविधाओं पर RWA की बैठक, अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में स्थानीय नागरिकों और RWA (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे अधूरे एवं लापरवाह कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान निवासियों ने सेक्टर की कई गंभीर समस्याओं को उठाया और जल्द समाधान की मांग की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई। लोगों का कहना है कि सेक्टर में नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है। न तो समय पर झाड़ू लगाई जाती है और न ही कूड़ा उठाया जाता है। गलियों में गंदगी और सूखे पत्तों के ढेर लगे रहते हैं। इसके अलावा आवारा पशुओं का आतंक भी बढ़ता जा रहा है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो चुके हैं।
उद्यान विभाग (वन विभाग) को लेकर भी नागरिकों ने चिंता व्यक्त की। सेक्टर के पार्कों की चारदीवारियां कई जगह टूटी हुई हैं। उनकी मरम्मत और पेंटिंग का कार्य नहीं कराया जा रहा है। पार्कों के प्रवेश द्वारों पर भी गंदगी फैली हुई है।
मलबा प्रबंधन विभाग के संबंध में लोगों ने बताया कि सेक्टर में कई स्थानों पर निर्माण मलबा पड़ा हुआ है, जिससे स्वच्छता और सौंदर्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। नागरिकों ने नियमित रूप से ट्रैक्टर और श्रमिक लगाकर सफाई कराने की मांग की।
विद्युत विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए गए। कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। खुले बिजली के तार, टूटे हुए सिंटेक्स बॉक्स और खुले बिजली बॉक्स लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। निवासियों ने एनपीसीएल (NPCL) अधिकारियों से पूरे सेक्टर का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की।
सीवर विभाग को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। अधिकांश ब्लॉकों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। इससे दुर्गंध फैल रही है और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि मैनहोल की नियमित सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
सिविल विभाग से संबंधित समस्याओं में वॉटर ड्रेन की सफाई न होने के कारण कई स्थानों पर ड्रेन ओवरफ्लो होने की शिकायत की गई। इसके अलावा गलियों, 24 मीटर रोड और खाली स्थानों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। कई जगह तारबाड़ (फेंसिंग) टूटी हुई है और सड़कों के किनारे बड़े गड्ढे बन गए हैं। पैदल मार्गों की मरम्मत और ड्रेसिंग कराने की भी मांग उठाई गई। वहीं सेक्टर के प्रवेश द्वारों पर लगे अधिकांश पाइप टूटे या खराब बताए गए।
RWA महासचिव हरेन्द्र भाटी ने कहा कि पहले विभिन्न विभाग नियमित अभियानों के माध्यम से सेक्टर में कार्य करते थे, लेकिन अब अधिकांश विभागों ने ध्यान देना बंद कर दिया है। इसके कारण नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि संबंधित अधिकारियों और ठेका कंपनियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए तथा सेक्टर बीटा-1 में सभी बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाए।