नोएडा में जीआईपी मॉल और गार्डन गैलेरिया के बीच स्थ

GIP मॉल और गार्डन गैलेरिया का कैंपस होगा अलग, नोएडा प्राधिकरण करेगा जमीन की नीलामी

जीआईपी और गार्डन गैलेरिया कैंपस होंगे अलग

नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित जीआईपी (GIP) मॉल और गार्डन गैलेरिया का साझा परिसर जल्द ही अलग-अलग हो सकता है। दोनों परिसरों के बीच स्थित करीब 15,000 वर्गमीटर जमीन को नोएडा प्राधिकरण ई-ऑक्शन के जरिए बेचने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद दोनों कॉमर्शियल परिसरों की पहुंच और पहचान पूरी तरह अलग हो जाएगी।

लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद

गेट नंबर-10 और गेट नंबर-11 के बीच स्थित इस जमीन को लेकर नोएडा प्राधिकरण और यूनिटेक ग्रुप के बीच लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। अदालत में मामला प्राधिकरण के पक्ष में आने के बाद उसने जमीन पर अपना अधिकार स्थापित कर लिया। पिछले वर्ष प्राधिकरण ने इस भूमि के कुछ हिस्सों पर कब्जा भी ले लिया था।

यूनिटेक से जुड़ा रहा मामला

जीआईपी मॉल का निर्माण यूनिटेक ग्रुप ने कराया था। बाद में कंपनी वित्तीय संकट में फंस गई और दिवालिया प्रक्रिया का सामना करना पड़ा। वर्ष 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने यूनिटेक के पुराने बोर्ड को हटाकर नया बोर्ड नियुक्त किया था, ताकि अधूरी परियोजनाओं को पूरा किया जा सके।

फिलहाल पार्किंग और पैदल मार्ग के रूप में उपयोग

वर्तमान में इस जमीन के एक हिस्से का इस्तेमाल बाइक पार्किंग के लिए किया जा रहा है, जबकि बाकी क्षेत्र पैदल आने-जाने के रास्ते के रूप में उपयोग में है। यह स्थान जीआईपी मॉल और गार्डन गैलेरिया को जोड़ने वाले प्रमुख हिस्सों में शामिल रहा है।

इस जगह पर पहले एक खास रेस्टोरेंट भी संचालित होता था, जहां लोगों को करीब 90 मीटर की ऊंचाई पर झूलती कुर्सियों पर बैठकर भोजन करने का अनुभव मिलता था।

कमर्शियल उपयोग के लिए होगी ई-ऑक्शन

नोएडा प्राधिकरण इस भूमि को कमर्शियल श्रेणी में रखते हुए ई-ऑक्शन के माध्यम से बेचने की तैयारी कर रहा है। चूंकि यह जमीन नोएडा के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित है, इसलिए इससे प्राधिकरण को अच्छी राजस्व प्राप्ति की उम्मीद है।

नीलामी पूरी होने के बाद जीआईपी मॉल और गार्डन गैलेरिया का परिसर पूरी तरह अलग हो जाएगा और दोनों की स्वतंत्र प्रवेश एवं संचालन व्यवस्था विकसित की जा सकेगी।