नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में कलराज मिश्र ने मोदी

मोदी सरकार के 12 वर्ष राष्ट्र उत्थान और गरीब कल्याण को समर्पित रहे : कलराज मिश्र

राष्ट्र उत्थान और गरीब कल्याण पर कलराज मिश्र

नोएडा। सेक्टर-21 स्टेडियम स्थित एक कैफे में भगवान परशुराम सेवा संस्थान द्वारा संचालित सामाजिक संगठन सामाजिक चेतना मंच की मेरठ जोन स्तरीय संगठन विस्तार एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का संयोजन संगठन के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव कुंवर अमितराज दीक्षित ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रप्रेरठ जोन के पंडित राजेंद्र शर्मा एडवोकेट ने निभाई। इस अवसर पर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल तथा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल सामाजिक चेतना मंच के राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक कलराज मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण दीक्षित ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण दीक्षित ने बताया कि सामाजिक चेतना मंच कलराज मिश्र के संरक्षण में देश के 28 राज्यों में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का संचालन 25 सदस्यीय संरक्षक मंडल के परामर्श से किया जाता है। इस मंडल में राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य, पूर्व सांसद राजवीर सिंह 'राजू भैया', डॉ. अशोक वाजपेयी, प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा तथा पूर्व पुलिस महानिदेशक जी.एल. शर्मा और ओ.पी. दीक्षित सहित कई वरिष्ठ लोग शामिल हैं।

अरुण दीक्षित ने कहा कि संगठन के साथ सभी धर्मों और पंथों की 36 बिरादरियों के जातीय संगठन राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर जुड़े हुए हैं। ये सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं तथा भाजपा के मूल मंत्र "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" का अनुसरण कर रहे हैं।

इस दौरान मुख्य अतिथि कलराज मिश्र ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल राष्ट्र निर्माण और गरीब कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि इस अवधि में संविधान से धारा 370 हटाकर "एक देश, एक झंडा और एक कानून" की व्यवस्था लागू की गई, जिससे देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान तक पहुंची।

उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीमा क्षेत्रों में बाड़बंदी की गई और सैनिकों के आवागमन के लिए नए मार्ग विकसित किए गए। डीआरडीओ के माध्यम से आधुनिक हथियारों और मिसाइलों का निर्माण किया गया तथा राफेल जैसे लड़ाकू विमान शामिल कर भारतीय सेना को और सशक्त बनाया गया।

कलराज मिश्र ने कहा कि देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया। इसके अलावा कई नए हवाई अड्डों का निर्माण हुआ और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें कश्मीर से कन्याकुमारी तक संचालित की गईं, जिससे आम लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलीं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा अंत्योदय योजना के तहत 80 करोड़ लोगों के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था, गरीबों के लिए आवास, हर घर शौचालय, हर घर नल से जल, उज्ज्वला योजना, स्वरोजगार योजनाएं और किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं को लागू किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि देश की लगभग 50 प्रतिशत आबादी वाली मातृशक्ति को सम्मान और अधिकार देने के उद्देश्य से नारी वंदन विधेयक लाया गया, जिससे विश्व स्तर पर भारत की एक अलग पहचान बनी।

कार्यक्रम में भारतीय अल्पसंख्यक कल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शहाब अहमद, ब्रह्म समाज एकता समिति के राष्ट्रीय महासचिव राजेश द्विवेदी, उत्तर प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष वैभव मिश्रा, प्रदेश महासचिव ध्रुव शर्मा एडवोकेट, दिल्ली प्रदेश सचिव मनीष शर्मा, जोन अध्यक्ष राजनारायण शुक्ला, भारतीय वैश्य एकता मंच के दिल्ली प्रदेश महासचिव संजय गुप्ता सहित संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहे।