7 महीने के इंतजार के बाद रिलीज होगी ''जन नायकन'', 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक की तैयारी
थलपति विजय की अभिनय करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' अब करीब सात महीने की देरी के बाद रिलीज होने के लिए तैयार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर्स को 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मेकर्स को उम्मीद है कि इस सप्ताहांत तक फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट मिल जाएगा। हिंदी में यह फिल्म 'जन नेता' नाम से रिलीज होगी।
केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म पहले 9 जनवरी 2026 को पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली थी। हालांकि, सेंसर बोर्ड से जुड़े विवाद और सर्टिफिकेट में देरी के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी। इस बीच थलपति विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की और वह राज्य के मुख्यमंत्री बन गए। अब उनके प्रशंसक फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
इंडस्ट्री ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने बताया कि फिल्म को शनिवार तक सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर्स को पहले ही सूचना दे दी गई है ताकि वे समय रहते स्क्रीन बुक कर सकें। भारत में भी डिस्ट्रीब्यूटर्स को अनौपचारिक रूप से जानकारी दी गई है और सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी कई विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर्स ने 24 जुलाई की रिलीज डेट की पुष्टि की है। कनाडा के डिस्ट्रीब्यूटर यॉर्क सिनेमाज ने भी पोस्ट कर बताया कि फिल्म 24 जुलाई से वहां के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, बॉक्स ऑफिस ट्रैकर वेंकी बॉक्स ऑफिस ने भी एक्स पर इसी तारीख की जानकारी साझा की है।
फिल्म को पिछले कुछ महीनों में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सेंसर बोर्ड से विवाद हाई कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन बाद में मेकर्स ने मामला वापस ले लिया। इसी दौरान फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई। हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान बताया गया कि पायरेसी के जरिए करीब 1.2 करोड़ लोग फिल्म देख चुके हैं। रिलीज में देरी का असर फिल्म की ओटीटी डील पर भी पड़ा और रिपोर्ट्स के अनुसार मेकर्स को कुछ रकम वापस करनी पड़ी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीएफसी की रिव्यू कमेटी ने फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट देने का फैसला किया है। फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि मुख्य भूमिकाओं में हैं। पहले इसे UA 16+ सर्टिफिकेट देने की बात थी, लेकिन सेना और धर्म से जुड़े कुछ दृश्यों व संवादों पर आपत्ति के बाद मामला रिव्यू कमेटी तक पहुंच गया था, जिससे रिलीज में देरी हुई।