'कॉकटेल 2' के मेकर्स ने दर्शकों के लिए 1+1 टिकट फ्

'कॉकटेल 2' के मेकर्स का नया ऑफर, 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज से पहले दर्शकों को मिलेगा 1+1 टिकट फ्री

कॉकटेल 2 वन प्लस वन टिकट ऑफर

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। इसी बीच फिल्म के मेकर्स ने दर्शकों के लिए नया ऑफर पेश किया है। खास बात यह है कि यह ऑफर उसी दिन दिया गया है, जब अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह कदम नई रिलीज को कड़ी टक्कर देने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

बुक माय शो पर 1+1 टिकट फ्री ऑफर

फिल्म के मेकर्स ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए 'वन प्लस वन' यानी एक टिकट खरीदने पर एक टिकट मुफ्त देने की घोषणा की है। यह ऑफर बुक माय शो पर उपलब्ध है। दर्शकों को टिकट बुक करते समय 'Cocktail 2' प्रोमो कोड का इस्तेमाल करना होगा, जिसके बाद यह ऑफर लागू होगा। हालांकि, यह ऑफर केवल 26 जून तक ही मान्य रहेगा।

पहले 92 रुपये में भी बेचे गए थे टिकट

इससे पहले भी मेकर्स ने फिल्म के टिकट केवल 92 रुपये में उपलब्ध कराए थे। इस ऑफर का फायदा फिल्म को मिला और सिनेमाघरों में अच्छी संख्या में दर्शक पहुंचे। अब एक बार फिर नया ऑफर लाकर मेकर्स दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या 'वेलकम टू द जंगल' पर पड़ेगा असर?

फिल्म ट्रेड में चर्चा है कि 'कॉकटेल 2' का यह ऑफर 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई को प्रभावित कर सकता है। हालांकि दोनों फिल्मों का दर्शक वर्ग अलग माना जा रहा है। 'वेलकम टू द जंगल' एक फैमिली एंटरटेनर है, जबकि 'कॉकटेल 2' को A सर्टिफिकेट मिला है और इसे केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों फिल्मों का दर्शक वर्ग काफी हद तक अलग रहेगा।

'कॉकटेल 2' की अब तक की कमाई

सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 'कॉकटेल 2' ने रिलीज के छह दिनों में दुनियाभर में 103.06 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। वहीं भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 66.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

'वेलकम टू द जंगल' की एडवांस बुकिंग भी मजबूत

वहीं, अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' की एडवांस बुकिंग भी अच्छी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म पहले दिन 22 से 23 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकती है। सैकनिल्क के अनुसार, सुबह 10:30 बजे तक फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 2.07 करोड़ रुपये और ब्लॉक सीट्स सहित 5.03 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया था। पेड प्रीव्यू शो को भी दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

अब दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबला कैसा रहता है, इसका साफ अंदाजा रिलीज के बाद आने वाले कलेक्शन से लगेगा।