म्यूजिक कंपोजर प्रीतम के जन्मदिन पर शेयर किए गए भा

प्रीतम के रहस्यमयी पोस्ट से बढ़ीं रिटायरमेंट की अटकलें, फैंस बोले- क्या अरिजीत सिंह के बाद अब वह भी लेंगे संन्यास?

क्या बॉलीवुड म्यूजिक छोड़ने वाले हैं प्रीतम?

बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके प्रशंसकों के बीच हलचल मचा दी है। हाल ही में अपना 55वां जन्मदिन मनाने वाले प्रीतम ने इंस्टाग्राम पर फैंस को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए एक भावुक नोट साझा किया, जिसके बाद उनके रिटायरमेंट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दरअसल, प्रीतम ने अपनी ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीरों के साथ एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि अब समय आ गया है कि वह जिंदगी को अलग तरीके से जिएं और उन सपनों व यात्राओं को पूरा करें जिन्हें वह लंबे समय से टालते आ रहे थे। उनके संदेश में 'मेनस्ट्रीम' सफर के शानदार होने का जिक्र भी था, जिसने फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि कहीं वह बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री से दूरी बनाने या रिटायरमेंट की तैयारी तो नहीं कर रहे।

प्रीतम ने अपने पोस्ट में लिखा, "सभी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं हर किसी को व्यक्तिगत रूप से जवाब नहीं दे सकता, लेकिन कृपया मेरा दिल से आभार स्वीकार करें। आज मैंने खुद को कुछ साल ऐसे देने का फैसला किया है, जिनमें मैं जिंदगी को अलग तरह से जी सकूं। उन चीजों को पूरा कर सकूं जो अब तक नहीं कर पाया। अब उन नए सफर पर निकलने का समय आ गया है, जिन्हें मैंने लंबे समय से टाल रखा था।"

उन्होंने आगे लिखा, "मेनस्ट्रीम का सफर शानदार रहा है, लेकिन मुझे हमेशा उन रास्तों के बारे में जानने की उत्सुकता रही है जिन पर अभी तक कोई नहीं गया। आपके प्यार और साथ के लिए धन्यवाद। हमेशा..."

प्रीतम के इस संदेश ने सोशल मीडिया पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्या वह भी मशहूर गायक अरिजीत सिंह की तरह बॉलीवुड म्यूजिक से संन्यास लेने जा रहे हैं। हालांकि, प्रीतम की ओर से अभी तक रिटायरमेंट या इंडस्ट्री छोड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है जब इसी साल की शुरुआत में मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने बतौर प्लेबैक सिंगर रिटायरमेंट लेने का फैसला किया था। ऐसे में प्रीतम के पोस्ट को लेकर फैंस की चिंता और भी बढ़ गई है।

बॉलीवुड के सबसे सफल संगीतकारों में गिने जाने वाले प्रीतम चक्रवर्ती ने अपने करियर में कई सुपरहिट गीत दिए हैं। उन्होंने एफटीआईआई (FTII) से साउंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद विज्ञापन जगत, साउंड डिजाइनिंग और टेलीविजन थीम म्यूजिक में काम किया। वर्ष 2001 में फिल्म 'तेरे लिए' से जीत गांगुली के साथ संगीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।

प्रीतम के नाम 'बलम पिचकारी', 'तुम से ही', 'पी लूं', 'नैना', 'गेरुआ', 'बुलैया', 'देवा-देवा', 'कलंक टाइटल ट्रैक', 'आशियां', 'लत लग गई', 'तबाह हो गए' और 'ये तूने क्या किया' जैसे कई लोकप्रिय गीत दर्ज हैं। हाल ही में वह फिल्म Metro... In Dino के संगीत को लेकर भी चर्चा में रहे, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।

फिलहाल, प्रीतम के इस पोस्ट को लेकर अटकलों का दौर जारी है, लेकिन उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि यह सिर्फ एक नए रचनात्मक सफर की शुरुआत हो, न कि बॉलीवुड संगीत को अलविदा कहने का संकेत।