गोली मार दूंगा - नाम सुनील कुमार है मेरा , राहगीरों को धमकी देनेवाला सिपाही निलंबित
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर पर ड्यूटी के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा कार चालक और राहगीरों से अभद्रता का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एसीपी मुख्यालय को सौंपी गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामले का वीडियो बीते दिन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि एक पुलिस कांस्टेबल कार में सवार चालक से अभद्रता कर रहा है। यही नहीं, उस पर आरोप है कि उसने राह चलते लोगों को भी धमकाया और यहां तक कहा कि उन्हें गोली मार देगा। कांस्टेबल की इस दबंगई और असंयमित आचरण ने पुलिस की छवि को धक्का पहुंचाया।
तत्काल निलंबन की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। डीसीपी मुख्यालय डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि कांस्टेबल की पहचान की गई और जांच में पुष्टि हुई कि वह वर्तमान में सूरजपुर पुलिस लाइन में तैनात है। उसके अमर्यादित आचरण और कृत्य को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच एसीपी मुख्यालय को सौंपी गई
डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच एसीपी मुख्यालय को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद कांस्टेबल के खिलाफ आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और जनता के साथ अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोगों में नाराजगी, पुलिस पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस ही यदि आम जनता को धमकाने लगेगी तो विश्वास टूट जाएगा। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।